बिहार: जमुई में नक्सलियों ने की दो लोगों की हत्या, पर्चे पर लिखा- मुखबिरी करने की मिलेगी यही सजा
Updated : 2019-01-16 14:23:50

पटना/जमुई (श्वेता) >>>>>>>>> बिहार के नक्सल प्रभावित जमुई जिले में चकाई थाना क्षेत्र में हथियारबंद नक्सलियों ने पुलिस की मुखबिरी करने के संदेह में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना में गोली लगने से एक महिला भी घायल हुई है। साथ ही नक्सलियों ने वहां पर पर्चा फेंककर घटना की जिम्मेवारी भी ली।
जमुई जिले के चकाई थाना इलाके के गुरुदबाद गांव में मंगलवारी की देर रात नक्सलियों ने हमला बोलते हुए दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों के नाम मोहम्मद उस्मान अंसारी और मोहम्मद गुलाम बताया जाता है। घटना के दौरान अपने पति को बचाने के दौरान मृतक मोहम्मद उस्मान की पत्नी को भी नक्सलियों ने गोली मार दी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के हथियारबंद सदस्यों ने मंगलवार रात गुरूरबाद गांव में धावा बोल दिया और घर में घुसकर बरमोरिया पंचायत के ग्राम कचहरी सचिव मोहम्मद उस्मान (40) और उनके पड़ोसी मोहम्मद गुलाम (35) की गोली मारकर हत्या कर दी।
चकाई के थानाप्रभारी चंद्रेश्वर पासवान ने बुधवार को बताया कि इस हमले में एक महिला के हाथ में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गई है। इलाज के लिए उसे स्थानीय एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पासवान ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने एक पर्चा बरामद किया है जिसमें इन लोगों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए लिखा गया है, 'पुलिस के लिए मुखबिरी करने का यही अंजाम होता है।' पासवान ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है।











































































































































































































































































































































































































