INDvsAUS दूसरा वनडे: कोहली-धोनी के दम पर जीता भारत, सीरीज 1-1 से बराबरी पर
Updated : 2019-01-15 17:37:50

नई दिल्ली (लाइव इंडिया न्यूज नेटवर्क) >>>>>>>> यह विराट कोहली की क्लास थी और महेंद्र सिंह धोनी का दम। कोहली ने जहां अपने करियर की 39वीं सेंचुरी लगाकर भारत को मैच में बनाए रखा तो दूसरी ओर धोनी ने दिखाया कि उनमें अभी दम बाकी है। एक समय पर भारत को 8 रन प्रति ओवर की दर से रन चाहिए थे लेकिन कोहली और धोनी ने मैच को भारत के हाथ से फिसलने नहीं दिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शॉन मार्श के शतक की मदद से 9 विकेट पर 298 रन बनाए जवाब में भारत ने 49.2 ओवरों में चार विकेट खोकर 299 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। सीरीज का आखिरी मैच 18 तारीख को मेलबर्न में खेला जाएगा।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। ऐडिलेड में खेले गए तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 104 रनों की पारी खेली। महेंद्र सिंह धोनी ने 55 रनों की पारी खेली। कोहली ने अपने वनडे इंटरनैशनल करियर की 39वीं सेंचुरी लगाई। रनों का पीछा करते हुए यह उनकी 24वीं और ऑस्ट्रेलिया में पांचवीं सेंचुरी थी।
299 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को ओपनर शिखर धवन और रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत दी, लेकिन यह बरकरार नहीं रह सका। शिखर धवन के रूप में भारत को पहला झटका लगा। वह 32 रन बनाकर पेसर जेसन बेहरेनडोर्फ की गेंद पर उस्मान ख्वाजा के हाथों लपके गए। पहले विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद रोहित और कप्तान विराट ने दूसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी करते हुए भारत को 100 रनों के पार पहुंचाया। यह साझेदारी खतरनाक होती दिख रही थी तभी रोहित ने स्टॉयनिस को पुल शॉट लगाकर 6 रन जुटाने चाहे, लेकिन सीमारेखा पर हैंड्सकॉम्ब के हाथों लपक लिए गए। उन्होंने 52 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के लगाए।
रोहित के आउट होने के बाद अंबाती रायुडू मैदारन पर उतरे। उन्होंने कप्तान विराट के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की, लेकिन वह ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने जूझते नजर आए। उनकी बैटिंग देखकर लग रहा था वह किसी जल्दबाजी में हैं। वह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कामयाब नहीं हो रहे थे। एक ऐसा ही हवाई शॉट खेलने के चक्कर में वह स्टॉयनिस के हाथों कैच आउट हो गए। उनका विकेट ग्लेन मैक्सवेल ने लिया। उन्होंने 36 गेंदों में 2 चौके की मदद से 24 रन बनाए।
कोहली ने इसके बाद अपने करियर का 39वां शतक लगाया। वह मैच को अपने दम पर आगे ले जा रहे थे कि तभी जाय रिचर्डसन की गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने बाउंड्री पर उनका कैच पकड़ लिया। कोहली और धोनी के बीच चौथे विकेट के लिए 13 ओवरों में 82 रन जोड़े। इसके बाद दिनेश कार्तिक की पारी भी काफी महत्वपूर्ण रही। कार्तिक ने सिर्फ 14 गेंदों पर 25 रन बनाकर धोनी पर प्रेशर खत्म किया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शॉन मार्श (131) के शानदार शतक और ग्लेन मैक्सवेल (48) की तेज तर्रार पारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट पर 298 रन बनाए। मार्श ने 123 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्के लगाए, जबकि मैक्सवेल ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 1 छक्का लगाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर ने सबसे अधिक 4 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद शमी ने 3 विकेट लिए। जडेजा को 1 विकेट मिला। इस मैच में डेब्यू करने वाले मोहम्मद सिराज सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने 10 ओवरों में 76 रन दिए, जबकि कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 66 रन खर्च किए। दोनों गेंदबाजों को विकेट नहीं मिला।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत खराब रही और उसके 2 विकेट 26 रन पर गिर गए। भुवनेश्वर कुमार ने आरोन फिंच (6) को 7वें ओवर में आउट किया। लगातार दूसरे वनडे में भुवी ने फिंच को बोल्ड किया। सिडनी में भी वह 6 रन बनाकर भुवी की गेंद पर बोल्ड हुए थे। इसके अगले ही ओवर में एलेक्स कैरी (18) भी अपना विकेट गंवा बैठे। शमी के बाउंसर पर उन्होंने मिडविकेट पर शिखर धवन को कैच थमाया।
इसके बाद मार्श और उस्मान ख्वाजा (21) क्रीज पर आए, जिन्होंने 65 गेंद में 56 रन जोड़े। खतरनाक होती इस साझेदारी को रविंद्र जडेजा ने तोड़ा जिनके सटीक थ्रो पर ख्वाजा 19वें ओवर में रन आउट हो गए। मार्श ने बीच के ओवरों में सिराज की गेंदों की जमकर धुनाई की। सिराज ने 76 रन दे डाले। छठे गेंदबाज की कमी भारतीय टीम को महसूस हुई, जिसकी वजह से कुलदीप यादव और जडेजा को शुरुआत में ही गेंद संभालनी पड़ी। शमी भी 25वें ओवर से पहले दूसरे स्पैल के लिए लौटे।
ऑस्ट्रेलिया के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। पीटर हैंड्सकॉम्ब (20) को 28वें ओवर में जडेजा ने चकमा दिया और महेंद्र सिंह धोनी ने स्टम्पिंग करने में कोई चूक नहीं की। हैंड्सकॉम्ब ने हालांकि मार्श के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को 22वें ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। मार्श ने अपना अर्धशतक 62 गेंद में पूरा किया। उन्होंने मार्कस स्टॉयनिस (29) के साथ 5वें विकेट के लिए 55 रन जोड़े।
शमी ने 37वें ओवर में स्टॉयनिस को पविलियन भेजा, जिसके बाद मैक्सवेल क्रीज पर आए। मैक्सवेल ने 5 चौके और एक छक्का लगाकर ऑस्ट्रेलिया को 250 रन तक पहुंचाया। इस बीच मार्श ने 108 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। सिराज का दिन खराब रहा जो दो बार मैक्सवेल का विकेट लेने से चूके। पहले 44वें ओवर में डीआरएस पर पगबाधा का फैसला बदल गया। इसके बाद 47वें ओवर में रोहित शर्मा ने एक्स्ट्रा कवर में उनका कैच छोड़ा।
भुवनेश्वर ने 48वें ओवर में मैक्सवेल और मार्श को आउट किया, जिससे ऑस्ट्रेलिया 300 रन के पार नहीं पहुंच सका। इन दोनों के बीच 94 रनों की साझेदारी हुई। मैक्सवेल ने 37 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्का की मदद से 48 रन बनाए। मार्श 123 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 131 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी 3 गेंद में हालांकि नाथन लियोन ने 10 रन बनाकर टीम को उसके करीब पहुंचा दिया।
बता दें कि भारत को सीरीज के पहले मैच में रोहित शर्मा के 22वें वनडे शतक के बावजूद 34 रन से पराजय झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास 1-0 की सीरीज में बढ़त है। भारत को सीरीज में बने रहने के लिए यह मैच किसी भी हाल में जीतना जरूरी है।
भारतीय टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद के स्थान पर कोहली ने मोहम्मद सिराज को पदार्पण करने का मौका दिया है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया। ऑस्ट्रेलिया इस मैच को जीत सीरीज अपने नाम करना चाहेगा तो वहीं भारत की कोशिश बराबरी की है।
टीमें
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबाती रायुडू, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी, कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), एलेक्स कैरी, उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकॉम्ब, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, नाथन लियोन, पीटर सिडल, जे. रिचर्डसन और जेसन बेहरेनडोर्फ।




























































































































































































































